IMG-20261008-WA0161
  • सितारगंज के ग्राम धोहरा में ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे’ के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने और महिला कर्मचारियों का रास्ता रोकने का आरोप, पुलिस ने चारों को थाने लाकर धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस किया तामील

सितारगंज। ग्राम धोहरा में ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे’ (DCS) के दौरान महिला कर्मचारियों से अभद्रता, रास्ता रोकने, मोबाइल छीनने का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सितारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 06 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक सितारगंज के ग्राम धोहरा में उद्यान विभाग की महिला कर्मचारी शासकीय कार्य के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार युवकों ने कथित रूप से महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार किया और उनके सरकारी कार्य में बाधा डाली।

आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने महिला कर्मचारियों का रास्ता रोककर उनकी स्कूटी को घेर लिया तथा चाबी निकालने और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। घटना का वीडियो बनाने की कोशिश करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

तहरीर पर मुकदमा दर्ज, चारों आरोपियों की हुई पहचान

पीड़ित महिला कर्मचारी की तहरीर के आधार पर थाना सितारगंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, रास्ता रोकने, अभद्रता और धमकी देने के आरोपों में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने लाया।

धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस तामील कराया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए परिजनों की मौजूदगी में पीड़ित महिला कर्मचारियों से लिखित एवं मौखिक रूप से माफी मांगी।

पुलिस ने आरोपियों को भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी हिदायत दी और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की।

error: Content is protected !!