IMG-20260621-WA0098
  • रम्पुरा वार्ड-21 से शनिवार दोपहर से लापता है शिव उर्फ पल्लू, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

रुद्रपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक बालक का सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने रविवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर घेराव किया। परिजनों ने पुलिस से बालक की जल्द से जल्द तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने की मांग की।

रम्पुरा वार्ड संख्या-21 निवासी जगदीश राठौर ने बताया कि उनका पुत्र शिव उर्फ पल्लू शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बालक के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है।

परिजनों ने आशंका जताई कि बालक के साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी परिजनों के साथ पुलिस चौकी पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्परता दिखाते हुए बालक की शीघ्र तलाश करने और उसकी सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।

ठुकराल ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस को तत्काल प्रभाव से सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि परिजनों की चिंता दूर हो सके और बालक को जल्द सकुशल घर पहुंचाया जा सके।

इस दौरान मीना, रामगोपाल राठौर, राहुल, धर्मेंद्र, राजू, करण, रितेश, पुष्पा देवी, आकाश, विद्या देवी, चमेली देवी, रमेश, सतीश, बबलू, महेश, पूजा, कुंवर पाल और कांति देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!