- एसएसपी अजय गणपति ने किया अनावरण, गिरोह के सरगना पर दर्ज हैं डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे
रुद्रपुर/किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन और सटीक रणनीति के चलते किच्छा पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

क्या था मामला
घटनाक्रम के अनुसार, बीती 19 अप्रैल 2026 की रात्रि को अज्ञात चोरों ने थाना किच्छा क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी में एक बंद मकान को अपना निशाना बनाया था। चोर घर के ताले तोड़कर वहां रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में 20 अप्रैल को पीड़ित राजेंद्र कुमार गोयल की तहरीर पर पुलिस ने धारा 305(A)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।
500 सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसओजी और पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया, जिसकी कमान उपनिरीक्षक जयप्रकाश को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्र के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। 9 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने सितारगंज के केशवनगर में दबिश दी और वहां दीपक गुप्ता के निर्माणाधीन मकान के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद माल
पुलिस ने दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी बहेड़ी (बरेली), अकील अहमद निवासी खटीमा और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहाँपुर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस को 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम चांदी के जेवरात और 3,00,485 रुपये की नकद धनराशि बरामद हुई है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, घटना में प्रयुक्त आला नकब, एक यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
शातिर अपराधी है गिरोह का सरगना
पूछताछ के दौरान सामने आया कि मुख्य अभियुक्त दीपक गुप्ता एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 18 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी का कुछ माल शाहजहाँपुर में सुनारों को बेचा है, जिसकी तफ्तीश की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने इस सफलता पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा और आमजन में भय पैदा करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
