IMG-20260615-WA0054
  • नगला तराई में कृषि कार्यों में लिया हिस्सा, किसानों के संघर्ष और परिश्रम को किया नमन; बोले- अन्नदाता ही देश की समृद्धि की असली ताकत

खटीमा/ऊधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा के नगला तराई गांव में खेतों में पहुंचकर कृषि कार्यों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने अपनी माता के साथ खेत की जुताई की तथा फसलों के लिए खाद डालने का कार्य किया। मुख्यमंत्री का यह सहज और पारिवारिक रूप देखने को मिला, जहां उन्होंने किसानों के दैनिक जीवन, उनके संघर्ष और मेहनत को करीब से अनुभव किया।

खेतों में काम करते हुए मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में हिस्सा लेते हुए उनके जीवन के वे दिन फिर से ताजा हो गए, जब वह ग्रामीण परिवेश में रहकर खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में परिवार का हाथ बंटाते थे। उन्होंने कहा कि बचपन और युवावस्था के वे संघर्षपूर्ण लेकिन प्रेरणादायी अनुभव आज भी उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। किसान अपनी मेहनत और त्याग से न केवल अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, बल्कि पूरे देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कार्य भी करता है। उन्होंने कहा कि किसानों के पसीने से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और ग्रामीण भारत विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।

उन्होंने किसानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे अन्नदाता देश की रीढ़ हैं। किसान हर मौसम और परिस्थितियों का सामना करते हुए खेतों में मेहनत करता है, तभी देशवासियों की थाली तक अन्न पहुंच पाता है। किसानों का समर्पण, धैर्य और परिश्रम पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि, बागवानी, पशुपालन और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण में किसानों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश के विकास और आत्मनिर्भरता की नींव किसानों की मेहनत पर टिकी है। मुख्यमंत्री ने समस्त अन्नदाताओं को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और समृद्धि की कामना की।

error: Content is protected !!