- खेत से पैकेजिंग तक समझी उत्पादन प्रक्रिया
- अत्याधुनिक मशीनों और तकनीक को देखकर उत्साहित नजर आए छात्र
रुद्रपुर। किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से ऑक्सफोर्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने किच्छा रोड स्थित प्रदेश की प्रतिष्ठित चावल एवं फ्रोजन फूड उत्पादक कंपनी केएलए इंडिया लिमिटेड के प्लांट का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक औद्योगिक इकाई में खाद्य उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण और पैकेजिंग की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा। अत्याधुनिक मशीनों एवं तकनीक के माध्यम से संचालित उत्पादन प्रक्रिया को देखकर विद्यार्थी खासे उत्साहित नजर आए।

प्लांट भ्रमण के दौरान कंपनी की ओर से उत्सव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को केएलए इंडिया के उत्पादों और उनकी निर्माण प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने उत्पादों की गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए उत्पादन करती है। खेतों से कच्चे माल के चयन और उसकी प्राप्ति से लेकर प्रोसेसिंग, गुणवत्ता जांच, सुरक्षित पैकेजिंग और बाजार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न की जाती है।

उत्सव अग्रवाल ने बताया कि केएलए इंडिया लिमिटेड के उत्पादों की पहचान देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी है। कंपनी अपने उत्पादों का निर्यात विश्व के 55 से अधिक देशों में करती है। वर्तमान में कंपनी उच्च गुणवत्ता वाले बासमती चावल के साथ शरबती, मसूरी और ब्राउन राइस सहित चावल की विभिन्न श्रेणियों का उत्पादन करती है। इसके अलावा मटर, स्वीट कॉर्न, मिक्स वेज सहित लगभग 25 प्रकार की फ्रोजन सब्जियों का भी उत्पादन किया जाता है। इन उत्पादों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से तैयार कर गुणवत्ता बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि खाद्य उत्पादों के निर्माण में कच्चे माल की गुणवत्ता, स्वच्छता, प्रसंस्करण की सही तकनीक और पैकेजिंग का विशेष महत्व होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादों की मांग और स्वीकार्यता बनाए रखने के लिए उत्पादन के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट में स्थापित हाईटेक मशीनों, आधुनिक उपकरणों और विभिन्न उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने खाद्य पदार्थों के प्रसंस्करण और पैकेजिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर उत्सुकता दिखाई तथा कंपनी के प्रतिनिधियों से कई सवाल भी पूछे। कंपनी के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें औद्योगिक उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की संभावनाओं से भी अवगत कराया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस शैक्षिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से बच्चों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। इससे उनमें तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक समझ और भविष्य में करियर के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूकता विकसित होती है।
इस अवसर पर नीतू अग्रवाल, रंजीता अग्रवाल, रक्षित अग्रवाल, लक्ष्य अग्रवाल, अनीशा अग्रवाल, सलोनी अग्रवाल, रिया अग्रवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य केएस नेगी, शिक्षिका मानसी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

