IMG-20260728-WA0008
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में विशेष यातायात व्यवस्था लागू, भारी वाहनों के लिए रिंग रोड अनिवार्य; आवश्यक सेवाओं के वाहनों को रहेगी छूट

रुद्रपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक जनपद में व्यापक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में तैयार इस विशेष यातायात व्यवस्था के तहत विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही को रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।

रुद्रपुर क्षेत्र में दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के रास्ते काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा और सिडकुल की ओर भेजा जाएगा। वहीं काशीपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले भारी वाहन एमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। खटीमा और सितारगंज की ओर से आने वाले वाहनों को राधा स्वामी सत्संग (किच्छा रोड) तथा नैनीताल और हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को पार्ले चौक (सिडकुल) से रिंग रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ के दौरान सभी प्रकार के वाहनों को रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल, राधा स्वामी सत्संग और पार्ले चौक से रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़े आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है।

यदि कांवड़ यात्रियों की संख्या अधिक होती है तो यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रखी जाएगी, जबकि दूसरी लेन से सामान्य वाहनों का संचालन कराया जाएगा।

8 अगस्त से 11 अगस्त तक जनपद के कई प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, रुद्रपुर, पंतनगर, गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर, कुंडा और जसपुर क्षेत्र के प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इनमें सितारगंज का एस.एच. हॉस्पिटल क्षेत्र, पुलभट्टा, किच्छा के दरऊ चौक एवं लालपुर, रुद्रपुर के डिबडिबा, कीरतपुर मोड़ एवं रामपुर बॉर्डर, पंतनगर का छतरपुर मोड़, गदरपुर के महतोष मोड़ एवं मोतियापुर मोड़, बाजपुर के स्वार बॉर्डर दोराहा एवं बरहैनी, आईटीआई क्षेत्र का लोहियापुल पैंगा, काशीपुर की प्रतापपुर चौकी, कुंडा का सूर्या बॉर्डर तथा जसपुर के धर्मपुर एवं नादेही बॉर्डर शामिल हैं।

काशीपुर सेक्टर में भी विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। धामपुर-बिजनौर से आने वाले भारी वाहन नादेही और धर्मपुर बॉर्डर से आगे नहीं जा सकेंगे। ठाकुरद्वारा से आने वाले वाहन सूर्या चौकी, मुरादाबाद-टांडा से आने वाले वाहन पैंगा चौकी, दड़ियाल से आने वाले वाहन लोहियापुल, रामनगर से आने वाले वाहन प्रतापपुर चौकी, हल्द्वानी-बाजपुर मार्ग से आने वाले वाहन बरहैनी चौकी, मोतियापुरा से गदरपुर की ओर आने वाले वाहन मोतीपुरा मसीत तथा नवाबगंज से गदरपुर की ओर आने वाले वाहन महतोष मोड़ से आगे प्रतिबंधित रहेंगे।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी रूट डायवर्जन प्लान का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

error: Content is protected !!