- 14 जून से शहर में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पर्यटक व भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, विभिन्न मार्गों से किया जाएगा यातायात संचालन
रुद्रपुर। कैंची धाम मेला, वीकेंड, सोमवती अमावस्या स्नान तथा UKSSSC परीक्षा को देखते हुए जनहित में 14 जून 2026 से रुद्रपुर शहर क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के तहत विभिन्न दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं एवं अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले तथा नैनीताल, कैंची धाम, काशीपुर एवं किच्छा जाने वाले सभी वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। वहीं हरिद्वार और जसपुर से आने वाले वाहन काशीपुर-रामनगर मार्ग तथा मुरादाबाद से आने वाले वाहन बाजपुर दोराहा-कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
हरिद्वार, काशीपुर और गदरपुर से किच्छा, बिलासपुर व रामपुर की ओर जाने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। पीलीभीत और खटीमा की ओर से आने वाले तथा नैनीताल-कैंची धाम जाने वाले वाहनों को सितारगंज-चोरगलिया मार्ग से भेजा जाएगा।
इसी प्रकार खटीमा, सितारगंज और किच्छा से रामपुर, बिलासपुर एवं काशीपुर की ओर जाने वाले वाहन राधास्वामी सत्संग से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। नैनीताल, कैंची धाम और हल्द्वानी की ओर से हरिद्वार, काशीपुर, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज और बरेली जाने वाले वाहनों को पारले चौक सिडकुल से रिंग रोड के माध्यम से निकाला जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर शहर क्षेत्र में पर्यटक वाहनों एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह डायवर्जन प्लान स्थानीय व्यक्तिगत वाहन चालकों पर लागू नहीं होगा।
