hadsa

नैनीताल। उत्तराखंड के सरोवर नगरी नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। भवालीगांव बाईपास (कैंची धाम क्षेत्र) के पास गुरुवार दोपहर एक अनियंत्रित कार करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी पांचों मौतों की पुष्टि कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा दोपहर करीब 2.30 बजे भवाली स्थित ढैला गांव के पास हुआ। सभी मृतक मूल रूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर (खटीमा) के रहने वाले थे, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में निवास कर रहे थे।चश्मदीद ने दी पुलिस को सूचना, रेस्क्यू में जुटी टीमेंहादसे के वक्त कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक स्थानीय दुकानदार ने कार को अनियंत्रित होकर खाई में गिरते हुए देखा। उसने बिना वक्त गंवाए तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भारी लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचीं।खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी शवों को खाई से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

खुशियों का सफर मातम में बदला
बताया जा रहा है कि यह परिवार बीते 19 मई को लखनऊ से नैनीताल घूमने आया था। आज यानी 21 मई को वे कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित (रिश्तेदार) के घर जा रहे थे। इसी दौरान भवालीगांव बाईपास पर उनकी यूपी नंबर की कार अचानक बेकाबू हो गई और सीधे खाई में समा गई। पल भर में ही हंसता-खेलता परिवार काल के गाल में समा गया। मृतकों में पिता, मां, बेटा, बेटी और कार का ड्राइवर शामिल हैं।

मृतकों की पहचान उधम सिंह नगर के चुफाल परिवार के थे सदस्य

मामले की जानकारी देते हुए नैनीताल के क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे का शिकार हुई कार उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के नंबर की है। कार सवार लोगों की पहचान मूल रूप से उधम सिंह नगर के खटीमा निवासी चुफाल परिवार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में दो लोग 45 वर्ष से अधिक उम्र के (पति-पत्नी) हैं, जबकि उनके दो बच्चे शामिल हैं जिनकी उम्र क्रमशः 12 वर्ष और 19 वर्ष है। फिलहाल ड्राइवर की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!