hhhhhh

प्रेम प्रसंग का एंगल जांच के घेरे में

रुड़की। शहर के डबल फाटक क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से शुक्रवार को सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ या कीटनाशक सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार युवक और युवती ने गुरुवार शाम होटल में कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारियों ने नियमित सफाई के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कर्मचारियों ने उन्हें आराम कर रहा समझकर दोबारा परेशान नहीं किया। दोपहर करीब 12 बजे चेकआउट का समय होने पर फिर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन इस बार भी कोई जवाब नहीं मिला।

लगातार प्रतिक्रिया न मिलने पर होटल प्रबंधन को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल की दूसरी चाबी से कमरा खुलवाया तो अंदर युवक और युवती अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के दौरान पुलिस ने कमरे से मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया।

मृत युवक की पहचान नाथुखेड़ी निवासी सागर के रूप में हुई है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आ रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक असहमति या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो सकता है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

error: Content is protected !!