IMG-20260606-WA0047
  • हरिद्वार में सांसें रोक देने वाला रेस्क्यू, तेज बहाव के बीच जिंदगी से जंग जीतकर सुरक्षित निकली महिला

हरिद्वार। कहते हैं… “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय।” हरिद्वार में यह कहावत उस समय सच साबित होती नजर आई, जब गंगनहर के तेज बहाव में गिरी एक बुजुर्ग महिला करीब एक किलोमीटर तक पानी के साथ बहती चली गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार सुरक्षित बाहर निकाल ली गई। यह घटना जितनी डराने वाली थी, उतनी ही साहस और इंसानियत की मिसाल भी बन गई। एक तरफ बुजुर्ग महिला ने पानी के तेज बहाव में भी धैर्य बनाए रखा, वहीं दूसरी तरफ एक युवक की सतर्कता और पुलिस की तत्परता ने एक जिंदगी बचा ली।

जानकारी के अनुसार जटवाड़ा पुल के पास से गुजर रहे अंकित चौधरी की नजर गंगनहर में बह रही महिला पर पड़ी। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद पानी में कोई शव बह रहा है, लेकिन ध्यान से देखने पर शरीर में हलचल दिखाई दी। महिला के जीवित होने का अहसास होते ही अंकित ने समय गंवाए बिना पुलिस को सूचना दी। यही एक फैसला महिला के लिए जिंदगी की नई उम्मीद बन गया।

रस्सी को थामा और मौत के मुंह से लौट आई जिंदगी

सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बीच महिला तक रस्सी पहुंचाई गई। बुजुर्ग महिला ने भी पूरी हिम्मत दिखाते हुए रस्सी को मजबूती से पकड़े रखा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। हर कोई बस महिला के सुरक्षित बाहर आने की दुआ कर रहा था। कुछ स्थानीय युवकों की मदद से आखिरकार महिला को सकुशल गंगनहर से बाहर निकाल लिया गया।

घबराई नहीं… इसलिए जीत गई जिंदगी की जंग

बताया जा रहा है कि महिला कनखल क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका संतुलन बिगड़ने के कारण वह पानी के तेज बहाव में गिर गई थीं। करीब एक किलोमीटर तक बहने के बावजूद महिला ने अपना हौसला बनाए रखा और घबराहट को खुद पर हावी नहीं होने दिया। लोगों का कहना है कि महिला की हिम्मत, अंकित की जागरूकता और पुलिस की तेजी ने मिलकर एक बड़ा हादसा टाल दिया। रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग अंकित चौधरी और हरिद्वार पुलिस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक छोटी सी सतर्कता ने साबित कर दिया कि अगर समय पर मदद का हाथ बढ़ जाए तो किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है।

error: Content is protected !!