हल्द्वानी। उत्तराखंड में महिलाओं के डिजिटल सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को समर्पित पुस्तक ‘देवभूमि डिजिटल दीदी’ को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष प्रोत्साहन और शुभकामना संदेश प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पुस्तक की सराहना करते हुए लेखक मनीष आर्य को औपचारिक प्रशंसा पत्र भेजा गया है।
हल्द्वानी निवासी लेखक मनीष आर्य द्वारा मुख्यमंत्री को पुस्तक भेजी गई थी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री कार्यालय ने पत्र जारी कर पुस्तक के उद्देश्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विश्वास जताया कि यह पुस्तक महिलाओं को डिजिटल तकनीक, ऑनलाइन सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लेखक के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी समाजहित में ऐसे सकारात्मक कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री से मिले इस सम्मानजनक संदेश पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुस्तक के लेखक मनीष आर्य ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा पुस्तक का संज्ञान लेना और महिलाओं के डिजिटल सशक्तिकरण के प्रयास की सराहना किया जाना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उत्तराखंड राज्य महिला उद्यमिता की प्रदेश अध्यक्ष रेनू अधिकारी का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से इस महत्वपूर्ण परियोजना पर कार्य करने का अवसर मिला।
लेखक ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी शब्द उनके संकल्प को और अधिक मजबूती देंगे तथा प्रदेश की महिलाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
गौरतलब है कि ‘देवभूमि डिजिटल दीदी’ पुस्तक का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षित उपयोग और विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करना है। पुस्तक को सामाजिक और डिजिटल जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
