- लेह-लद्दाख में तैनात थे 41 वर्षीय भवान सिंह भंडारी, देर रात सीने में दर्द उठने पर अस्पताल में तोड़ा दम
रुद्रपुर। छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। देर रात अचानक सीने में तेज दर्द उठने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कीरतपुर स्थित एकता विहार निवासी 41 वर्षीय भवान सिंह भंडारी भारतीय सेना की फील्ड रेजीमेंट में लेह-लद्दाख में तैनात थे। वह कुछ दिन पहले अवकाश पर अपने घर आए थे। रविवार देर रात करीब तीन बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचे तथा दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पोस्टमार्टम हाउस और कीरतपुर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। सेना के अधिकारियों ने भी जवान के आवास पहुंचकर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
भवान सिंह भंडारी अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
