IMG-20260820-WA0023
  • विधायक आवास पहुंचने पर शिव अरोरा ने पार्टी कार्यकर्त्ता व परिवार सहित किया पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कोश्यारी का जोरदार स्वागत

रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र भगत सिंह कोश्यारी के रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के आवास पहुंचने पर विधायक ने परिवार और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। विधायक शिव अरोरा ने कोश्यारी को प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता को विचारधारा के प्रति समर्पित होकर एकजुटता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आपसी संवाद बेहद जरूरी है। संवाद के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान होता है और कई विषयों का समाधान भी निकलता है।

कोश्यारी ने कहा कि राजनीति में महत्वाकांक्षा होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा कभी भी पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती पर हावी नहीं होनी चाहिए। भाजपा की ताकत उसका विचार, संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आगे बढ़ेंगे तो संगठन और मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा भाजपा की दृष्टि से सदैव मजबूत रही है और आगे भी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण व सामूहिक प्रयासों से भाजपा विजय का परचम लहराएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का प्रभाव विश्व स्तर पर बढ़ा है और उत्तराखंड को भी इसका लाभ मिला है। राज्य सरकार मजबूती के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी जैसे वरिष्ठ नेता का उनके आवास पर आगमन उनके लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी ने लाखों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है और उनका अनुभव संगठन के लिए महत्वपूर्ण पूंजी है। उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलती है।

शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि का दायित्व सौंपा है, उस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से लगातार मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। रुद्रपुर को आधुनिक एवं विकसित विधानसभा के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, मुकेश पाल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, भाजपा नेता राकेश सिंह, सत्यप्रकाश चौहान, इंद्रपाल चौधरी, प्रधान राजकुमार सैनी, प्रधान हरीश भट्ट, प्रधान दीपक गोस्वामी, राधेश शर्मा, जीतेन्द्र संधु, आयुश चिलाना, रमेश कन्याल, निमित्त शर्मा, पंजाबी महासभा जिला अध्यक्ष पंकज बांगा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फूटेला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!