- रेडियोलॉजी का छात्र और लैब असिस्टेंट निकले वाहन चोर
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पंतनगर पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और 1 स्कूटी बरामद की है।

जल्द अमीर बनने की चाहत ने बनाया अपराधी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान भोला सरकार (22 वर्ष) निवासी ठाकुरनगर और विक्की विश्वास (22 वर्ष) निवासी खेड़ा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी शिक्षित हैं। आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि विक्की विश्वास एक पैथोलॉजी लैब में कार्यरत है। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में मेट्रोपोलिस मॉल और जिला अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों से वाहन चोरी करना शुरू किया था।
घेराबंदी कर सिडकुल सिटी पार्क के पास से दबोचे
पंतनगर कोतवाली पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 13 मई की रात सिडकुल सिटी पार्क के बाहर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दोनों युवकों को हिरासत में लिया। सघन तलाशी और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के 7 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। अभियुक्तों ने बताया कि वाहनों के दस्तावेज न होने के कारण वे इन्हें ठिकाने नहीं लगा पा रहे थे।
बरामद वाहनों का ब्यौरा
पुलिस ने आरोपियों के पास से सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी, होंडा शाइन, हीरो एचएफ डीलक्स, होंडा ड्रीम नियो और तीन हीरो स्प्लेंडर बरामद की हैं। इनमें से कई वाहन पंतनगर कोतवाली में दर्ज विभिन्न मुकदमों से संबंधित हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
सफलतापूर्वक कार्रवाई करने वाली टीम में सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत कठैत, उपनिरीक्षक अनिल सिंह मेहता, पंकज सिंह मेहर, हेड कांस्टेबल हरीश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस टीम की मुस्तैदी की सराहना की है।
