IMG_20260915_211402
  • मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, किरायेदार सत्यापन, साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई और ऑपरेशन प्रहार-लगाम को प्रभावी बनाने पर जोर

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कार्मिकों के साथ सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सैनिक सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय, व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को दर्ज अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने डायल-112 पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने और रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम करने के निर्देश दिए। बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, जनता से सीधा संवाद स्थापित करने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

एसएसपी ने जनपद में बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं हिस्ट्रीशीटरों की निरंतर निगरानी करने और सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

साइबर अपराध और जागरूकता पर विशेष जोर

बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। MRM और GRM पोर्टल की जानकारी देते हुए इनके अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। थाना प्रभारियों को स्कूल, कॉलेज और आम जनता के बीच साइबर ठगी तथा अन्य अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा

वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल आरोपियों के बैकवर्ड एवं फारवर्ड लिंकेज का पता लगाकर उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं PIT NDPS Act के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अवैध शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

वारंट तामील और यातायात व्यवस्था पर भी फोकस

एसएसपी ने NBW और BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा विवेचनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, वाहन चेकिंग और ई-चालान की कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।

उन्होंने JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों का अधिकतम उपयोग कर सूचनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्टों की सतत निगरानी कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

मानसून सीजन को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने तथा किसी भी आपदा संबंधी सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 पुलिसकर्मी सम्मानित

माह अगस्त में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 11 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी पुलिसिंग के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

error: Content is protected !!