अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। लमगड़ा क्षेत्र के चायखान-बलिया बैंगनिया मोटर मार्ग पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार (संख्या UK-04 J-5819) में सवार सभी लोग लमगड़ा बाजार से खरीदारी कर अपने गांव बलिया लौट रहे थे। इसी दौरान चायखान-बलिया बैंगनिया मार्ग पर वाहन चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह, निवासी ग्राम बलिया, पान सिंह (50) पुत्र विशन सिंह, जगदीश (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह तथा लक्ष्मण सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घायलों का इलाज जारी
दुर्घटना में घायल गोपाल सिंह (45) पुत्र भीम सिंह तथा सचिन सिंह बिलवाल (18) पुत्र राजेंद्र सिंह बिलवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया।
खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग सुबह अपने गांव बलिया से स्थानीय बाजार विशौद बैंगनिया खरीदारी करने आए थे। आवश्यक सामान खरीदने के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने बताया कि पुलिस की पहली प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाना थी। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद पूरे बलिया गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है, जबकि प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कह रहा है।
