- पूर्व विधायक ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप, कहा—फर्जी पहचान से किया जा रहा दुष्प्रचार
रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि AI से तैयार कथित फर्जी तस्वीरों के जरिए उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने दावा किया कि संदीप सिंह और बिट्टू ठुकराल नाम से बनाई गई कथित फर्जी पहचान के जरिए उनकी तस्वीरों को AI से तैयार कर प्रसारित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तस्वीर में उन्हें गोल टोपी पहने दिखाया गया, जबकि दूसरी कथित फर्जी पहचान में ‘RKT’ लिखा डंपर दिखाया गया।
ठुकराल के मुताबिक, उन्होंने मामले की शिकायत एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू और साइबर अपराध कार्यालय में की है, लेकिन लंबे समय के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब वह उच्च न्यायालय का रुख कर संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।
पूर्व विधायक ने AI तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि खराब करने और उसे मानसिक रूप से परेशान करने के लिए किया जा सकता है।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए ठुकराल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव और नगर निगम चुनाव से जुड़े अपने पुराने राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि रसोई का बजट बिगड़ गया है। वहीं, किच्छा और सिरौलीकलां निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, वह उसका पालन करेंगे।
