- रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई मुठभेड़, आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली; अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद।
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जुटी रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार अभियुक्त शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित आरोपी शिवम चंद्रा की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी को गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

