IMG-20261127-WA0159
  • चुनावी घोषणा पत्र में 24 हजार रुपये मासिक मानदेय और आंदोलन के दौरान कटे मानदेय की वापसी की मांग, लिखित आश्वासन देने वाले दल को समर्थन देने का ऐलान

रुद्रपुर। मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का समर्थन मिला। उन्होंने धरनास्थल पर पहुंचकर कार्यकत्रियों की मांगों का समर्थन किया और उनकी आवाज को वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कार्यकत्रियों ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को संबोधित ज्ञापन पूर्व विधायक ठुकराल को सौंपा।

ज्ञापन में संगठन की पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगों को लेकर आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे आहत होकर संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि आगामी चुनाव में उसी राजनीतिक दल या नेतृत्व को समर्थन दिया जाएगा, जो उनकी दो प्रमुख मांगों को अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेगा।

संगठन की पहली मांग है कि सरकार बनने के एक माह के भीतर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मासिक मानदेय 19 हजार रुपये से बढ़ाकर 24 हजार रुपये किया जाए। वहीं दूसरी मांग आंदोलन के दौरान काटे गए मानदेय की पूरी धनराशि वापस करने की है।

संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि कांग्रेस इन दोनों मांगों को स्वीकार कर लिखित आश्वासन देती है और इन्हें अपने घोषणा पत्र में शामिल करती है, तो आंगनबाड़ी कार्यकत्री विकास एवं मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड और उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ से जुड़ी करीब 70 हजार कार्यकत्रियां एवं उनके परिवार आगामी चुनाव में कांग्रेस को पूरा समर्थन देंगे।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कार्यकत्रियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी, प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री, विमला कोहली, ममता बादल, अनीता सिंह समेत सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

error: Content is protected !!