IMG-20261121-WA0080
  • रास्ता रोककर दो युवकों पर किया था धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला, एक के गले में आए 24 तो दूसरे के पेट और गले में लगे 18 टांके; पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू किया बरामद

दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर में मामूली विवाद के बाद दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रास्ता रोककर दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की रात अभिषेक बाछाड़ अपने मित्र शुभम मंडल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुपर मार्केट के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौज और अभद्रता के बाद आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के गले में 24 टांके आए, जबकि शुभम के पेट और गले में कुल 18 टांके लगे।

घटना की सूचना पर दिनेशपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसपी सिटी और सीओ पंतनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों अंशू, कमल राणा और अनुज राय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशू पुत्र हीरा सिंह निवासी वार्ड नंबर 01, कमल राणा पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 02 और अनुज राय पुत्र दीपक राय निवासी वार्ड नंबर 06, दिनेशपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल गंगा सिंह और सूरज सिंह शामिल रहे।

error: Content is protected !!