IMG_20261121_145937
  • पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने संकीर्तन में पहुंचकर लिया आशीर्वाद, आयोजकों ने अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित

रुद्रपुर। मानपुर ओझा स्थित अशोक नगर सूरजफार्म में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कीर्तन मंडलियों ने भजनों और संकीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में भाग लेकर भगवान का स्मरण किया। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी पहुंचे और संकीर्तन में शामिल होकर प्रभु का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर आयोजकों ने राजकुमार ठुकराल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। ठुकराल ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों को एक साथ बैठकर प्रभु का स्मरण करने और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!