रूद्रपुर। नगर निगम सभागार में 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में नगर निगम परिसर देश प्रेम के रंग में रंगा नजर आया। मुख्य अतिथि के रूप में महापौर विकास शर्मा तथा नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरूआत महापौर विकास शर्मा ने गांधी पार्क में प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा के शुभारम्भ के साथ की। तिरंगा यात्रा गांधी पार्क से खाटू श्याम मंदिर तक निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा के उपरांत महापौर और नगर आयुक्त ने कल्याणी व्यू स्थित नगर निगम शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को पुष्प अर्पित किए तथा उनके बलिदान को नमन किया। इसके बाद गांधी पार्क स्थित स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।

इसके पश्चात नगर निगम सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में महापौर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देश के वीर शहीदों के बलिदान, आजादी के संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्री विकास शर्मा ने कहा स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उन महान आत्माओं की प्रेरणा मिलती है जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आजादी दिलाई। यह हमारा कर्तव्य है कि हम इस आजादी की रक्षा करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। नगर निगम का प्रयास है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट बनाया जाए। इसके लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं।
नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने अपने उद्बोधन में कहा नगर निगम रूद्रपुर का उद्देश्य न केवल बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है, बल्कि जन सहभागिता से शहर को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करना भी है। स्वतंत्रता दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है कि हम अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। पर्यावरण मित्रों का योगदान सराहनीय है और निगम उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगर निगम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों और अन्य कर्मचारियों को महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा सम्मानित किया गया। सभी को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंट किए गए। महापौर द्वारा समस्त पर्यावरण मित्रों को 5 लाख रुपये का बीमा बॉन्ड भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को भी इस अवसर पर प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों की रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को देखते हुए महापौर एवं नगर आयुक्त ने उनकी प्रशंसा की।