रुद्रपुर। बंगाली समाज की विभिन्न मांगों को लेकर बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शिव अरोरा के आवास का घेराव किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक आवास के बाहर धरना देकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। सूचना मिलने पर विधायक शिव अरोरा स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के बीच बैठकर उनकी मांगों को विस्तारपूर्वक सुना। इस दौरान विधायक ने समाज के प्रतिनिधियों से पूर्व में हुए संवाद और मांगों के समाधान को लेकर अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी साझा की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि करीब डेढ़ माह पूर्व बंगाली कल्याण समिति के प्रतिनिधि रुद्रपुर बस स्टैंड के समीप रामलीला मैदान के बाहर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। उस समय भी वह स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे थे और समाज की मांगों का समर्थन करते हुए तीन प्रमुख मांगों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता करने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा कि अब उसी क्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने उनके आवास पर पहुंचकर अपनी मांगों को दोबारा उठाया है, जिस पर वह उन्हें सरकार स्तर पर हुई प्रगति से अवगत करा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि बंगाली समाज की पहली और प्रमुख मांग रुद्रपुर में बंग भवन का निर्माण है। इस विषय को लेकर वह हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले थे। मुख्यमंत्री ने सचिव आवास को आवश्यक निर्देश देते हुए आगामी कैबिनेट में बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव रखने को कहा था। विधायक ने बताया कि सचिव आवास आर. राजेश की ओर से भी कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए प्रस्ताव न्याय विभाग को भेज दिया गया है।
विधायक शिव अरोरा ने बंगाली समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद से मैं बंगाली समाज को वचन देता हूं कि बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाकर आचार संहिता लागू होने से पहले इसके टेंडर जारी करवाने और भूमि पूजन का कार्य करवाने का कार्य करूंगा। बंग भवन का निर्माण मेरा वादा है और मैं इस वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
विधायक ने दूसरी मांग के संबंध में बताया कि बंगाली बहुल क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों में बंगाली भाषा की पढ़ाई शुरू करवाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। मुख्यमंत्री ने सचिव शिक्षा को निर्देशित किया है कि जिन क्षेत्रों में बंगाली समाज की बड़ी आबादी है, वहां बंगाली भाषा के शिक्षकों के पद सृजित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए, ताकि सरकारी विद्यालयों में बंगाली भाषा की पढ़ाई प्रारंभ हो सके।
वहीं तीसरी मांग बंगाली समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने से संबंधित है। विधायक ने बताया कि इस विषय को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है और इस पर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि यह मांग कुछ समय पूर्व ही उनके संज्ञान में आई थी, लेकिन इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हरिचांद-गुरुचांद स्मृति छात्रवृत्ति कोष की राशि को 10 करोड़ रुपये तक करवाने का कार्य किया गया है, जिसका लाभ इसी शैक्षणिक सत्र से मिलना प्रारंभ होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज की मांगों को लेकर उनका रुख शुरू से सकारात्मक रहा है। समाज की भावनाओं और उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया है तथा संबंधित विभागों के स्तर पर कार्यवाही आगे बढ़ रही है। उन्होंने दोहराया कि बंग भवन निर्माण को लेकर समाज को दिया गया वचन पूरा करने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और इस दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, संजय आइस, अर्जुन विश्वास, कार्तिक, मानस बैरागी सहित बंगाली समाज के अनेक प्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

