- 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराएं अपना और परिवार का विवरण
रुद्रपुर। उत्तराखंड में स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) के तहत जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही महापौर विकास शर्मा ने भी ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से भी स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की।
महापौर ने कहा कि स्व-गणना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके लिए नागरिकों को किसी अधिकारी या कर्मचारी के घर पहुंचने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। इसके लिए नाम, लोकेशन, परिवार के मुखिया का विवरण, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति सहित कुछ सामान्य जानकारियां भरनी होती हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों का विवरण भी एक-एक करके जोड़ा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना का फॉर्म बेहद सरल और सेल्फ एक्सप्लेनेटरी है। इसमें कई जानकारियां लिंक करने पर स्वतः दर्ज हो जाती हैं। स्वयं जानकारी भरने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि नागरिक अपने विवरण को ठीक से देखकर और सत्यापित कर दर्ज कर सकते हैं। आज के डिजिटल दौर में अधिकांश लोग तकनीक का उपयोग करना जानते हैं, ऐसे में सभी को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए।
महापौर ने कहा कि जनगणना केवल आबादी की गणना तक सीमित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश की भावी विकास योजनाओं और नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है। जनसंख्या से संबंधित सटीक आंकड़े उपलब्ध होने से सरकार को जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार करने और उनका बेहतर क्रियान्वयन करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी नागरिकों की यह भागीदारी महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्वयं स्व-गणना के तहत अपना विवरण दर्ज करा चुके हैं। महापौर ने बताया कि यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अंतिम समय का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ऑनलाइन स्व-गणना पूरी कर राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

