Screenshot_1

– मुख्य आरोपी विकास के पैर में लगी गोली
– अस्पताल में दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन

रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े युवा व्यापारी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार की चाकू से गोदकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहे आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया और इस दौरान पुलिस की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर वार करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों आकाश कुमार और विनोद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में जुटी पुलिस टीम को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में उसकी लोकेशन मिली। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के साथ ही उनकी सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने विकास कुमार के साथ ही आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी जगतपुरा और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार निवासी जगतपुरा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है। एसएसपी ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कारोबारी रंजिश में शुरू हुआ विवाद, खूनी संघर्ष तक पहुंचा मामला

इस सनसनीखेज हत्याकांड की जड़ मोबाइल कारोबार को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास में मोबाइल की दुकान संचालित करने वाले दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच कारोबारी प्रतिस्पर्धा को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि विवाद के दौरान एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।  सुबह हुई मारपीट के बाद घायल लोग मेडिकल परीक्षण और उपचार कराने के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस अस्पताल में वे उपचार के लिए पहुंचे हैं, कुछ ही देर बाद वही परिसर एक खूनी वारदात का गवाह बन जाएगा।

इमरजेंसी गेट पर 10 से 15 हमलावरों ने बोला धावा

बताया जा रहा है कि सुबह के विवाद के कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के करीब 10 से 15 लोग जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर पहुंच गए। यहां एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद घटनाक्रम के अनुसार, अंदर करीब आठ से दस लोग मौजूद दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया।

मौके पर मौजूद होमगार्ड जवान और चिकित्साकर्मियों के सामने ही युवा व्यापारी राजकुमार उर्फ नितेश कुमार को हमलावरों ने घेर लिया। उनके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की गई। होमगार्ड जवान ने बीच-बचाव कर हमलावरों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कुछ देर बाद दोबारा लौटे और राजकुमार पर टूट पड़े।

जमीन पर गिरते ही घेरकर पीटा, चाकू से किया जानलेवा वार

हमले के दौरान राजकुमार जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और बेरहमी से पीटने लगे। इसी बीच एक आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल राजकुमार को तत्काल उपचार देने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

पुलिस अधिकारियों के सामने फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष

अस्पताल में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित तीन थानों की पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए। स्थिति को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों को अलग करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। लगातार कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया।

फिलहाल पुलिस की जांच का दायरा बढ़ाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अस्पताल जैसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थान पर हुई इस नृशंस हत्या के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की जांच पर शहर की निगाहें टिकी हैं।

error: Content is protected !!