- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, ताश की गड्डियों और टेक्सास होल्डम पोकर सेट समेत कई सामान बरामद
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3 लाख 88 हजार 100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक टेक्सास होल्डम पोकर सेट समेत विभिन्न रंगों के पोकर सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में 26 अक्टूबर 2026 को क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी के निर्देशन में कोतवाली पंतनगर, कोतवाली रुद्रपुर और चौकी सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओमेक्स रिवेरा स्थित लेमेडा विला नंबर 39 में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान विला की दूसरी मंजिल पर छह व्यक्ति ताश और पोकर के माध्यम से रुपये की हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने अमित कुमार (43 वर्ष), निवासी ओमेक्स रिवेरा; अशोक कुमार (50 वर्ष), निवासी गदरपुर; अपूर्व कुमार (35 वर्ष), निवासी रुद्रपुर; अभिषेक कुमार (42 वर्ष), निवासी ओमेक्स; मनवेन्द्र सिंह (34 वर्ष), निवासी ओमेक्स; और विवेक गुप्ता (46 वर्ष), निवासी ओमेक्स को गिरफ्तार किया है।
₹3,88,100 नकद समेत पोकर सेट बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹3,88,100 नकद, 52-52 पत्तों वाली ताश की दो गड्डियां, एक TEXAS HOLDEM POKER SET और विभिन्न रंगों के पोकर सिक्के बरामद किए हैं। सभी बरामद सामान को सीलबंद कर दिया गया है।
जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कोतवाली पंतनगर में एफआईआर संख्या 222/2026 दर्ज की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में कोतवाली रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, पंतनगर के थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, चौकी सिडकुल प्रभारी हेमंत कठैत, चौकी संजयवन प्रभारी नरेन्द्र सिंह अधिकारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
