IMG-20261024-WA0089
  • भगत सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए; गल्ला मंडी से शुरू हुई न्याय यात्रा गदरपुर के लिए रवाना

रुद्रपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ न्याय यात्रा का रुद्रपुर के भगत सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, जिसके चलते युवाओं को रोजगार की तलाश में भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देहरादून में छात्रों और युवाओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया, जिसका पूरे देश में अच्छा संदेश गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय यात्रा के माध्यम से जन-जन की आवाज उठा रही है और सड़क से लेकर सदन तक जनता की लड़ाई लड़ रही है।

प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में करोड़ों रुपये के घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने एक महिला मंत्री के खिलाफ उनके पति द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सच्चाई से अनजान बने रहने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी के मुद्दे का भी जिक्र किया।

कुमारी शैलजा ने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए सत्ता परिवर्तन का दावा किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक तिलकराज बेहड़, गोपाल सिंह राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रकाश जोशी, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

गल्ला मंडी से शुरू हुई न्याय यात्रा

न्याय यात्रा रुद्रपुर की गल्ला मंडी से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार, अंबेडकर चौक, नैनीताल रोड, रोडवेज स्टेशन, डीडी चौक, काशीपुर बाईपास रोड और गाबा चौक होते हुए काशीपुर रोड से गदरपुर के लिए रवाना हुई।

इस अवसर पर पुष्करराज जैन, परिमल राय, संदीप चीमा, हरीश पनेरू, संजय जुनेजा, ममता हालदार, सरोज शर्मा, बागेश्वरी कोली, ओमपाल सिंह, अंकित बठला, सुनील चुघ, ललित बिष्ट, अजय नारायण सिंह, ओंकार ढिल्लो, करन विक्रमजीत सिंह, संजय ठुकराल, संजीव आर्या, मुन्नवर हुसैन, निसार अहमद, विकास मलिक, अतुल शील, मनोरंजन साना, प्रीति साना, उमा सरकार, इन्द्रजीत सिंह और गणेश उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!