- कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा—जनसेवा, औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में तिवारी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को सिडकुल स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नारायण दत्त तिवारी जनसेवा समिति (तिवारी विचार मंच) और कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके राजनीतिक जीवन, जनसेवा के प्रति समर्पण और प्रदेश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी का जीवन जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को प्राथमिकता दी और विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में औद्योगिक विकास को गति मिली, जिससे उत्तराखंड में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित हुए। उन्होंने कहा कि तिवारी की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद की जाएगी।
वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में देश और प्रदेश की सेवा की। उन्होंने उद्योग, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया। उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जनहित और विकास के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी स्व. तिवारी के व्यक्तित्व, राजनीतिक अनुभव और विकासपरक सोच को याद किया। उन्होंने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ममता रानी, कांग्रेस नेता हरीश पनेरू, पीसी शर्मा, राधेश्याम बंसल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, कैलाश चंद्र, सतवीर सिंह पदम, सुनील चुघ, आनंद शर्मा, केरु मंडल, दिनेश कोली, रामसेवक कोली, करण गंगवार, जगदीप सिंह, एसके नैयर, सौरव घीक, गिरधर पनेरू, अंकित, हरीश, विपिन पनेरू, मोहन खेड़ा, रंजीत सिंह राणा, राजू सम्मल, सलीम हमद, राकेश कोली, इजहार अंसारी, अबरार अंसारी, उमर खान, रफीक अहमद, आकाश पनेरू, संजीव गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, राजीव सिंह, सतीश कुमार और उमर अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
