IMG-20261005-WA0015
  • SSP अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई, व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ तक फैली सप्लाई चेन का खुलासा

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ के झुलाघाट तक फैले नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। थाना पुलभट्टा पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर से पूछताछ, उसके मोबाइल से मिले व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कार्रवाई करते हुए कुल छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मामले की शुरुआत 30 सितंबर 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस की चेकिंग के दौरान हुई, जब बहेड़ी-बॉर्डर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को स्विफ्ट डिजायर कार सहित पकड़ा गया। आरोपी की पहचान बहेड़ी निवासी सद्दाम हुसैन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 06 गत्ते के डिब्बों में कुल 150 प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद हुए। इस संबंध में थाना पुलभट्टा में NDPS Act की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि सद्दाम हुसैन बहेड़ी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ बरेली व ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके मोबाइल फोन में नशीले पदार्थों की सप्लाई से संबंधित व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल मिली, जिनके आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की गई। इसके बाद SSP अजय गणपति के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर पुलिस की टीमों को नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ रवाना किया गया।

पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए कार्रवाई की और अक्षय, सौरभ, पीयूष, भूपेंद्र सिंह मेहता, यशोदा टम्टा और रवि थापा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पहले से नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लाकर अल्मोड़ा, हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और झुलाघाट क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से बहेड़ी से पहाड़ी जनपदों तक फैली नशे की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

error: Content is protected !!