- वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था तय, ई-रिक्शा, ऑटो, टुक-टुक समेत कई वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध
खटीमा। 04 अक्टूबर 2026 को खटीमा में आयोजित होने वाले वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशानुसार कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों के आवागमन को निर्धारित वैकल्पिक रूट से संचालित किया जाएगा।
टनकपुर से रुद्रपुर/पीलीभीत जाने वाले वाहनों में भारी वाहनों को चकरपुर बाईपास से चौकी प्रतापपुर एवं सत्रमील चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन लोहिया हेड तिराहा, कपूर तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे। पीलीभीत से टनकपुर/रुद्रपुर आने वाले छोटे वाहन मुंडेली चौराहा, नौगवाठग्गू एवं भूड़ नहर के रास्ते जाएंगे, जबकि भारी वाहनों को सत्रमील चौकी एवं प्रतापपुर चौकी मार्ग से भेजा जाएगा।
रुद्रपुर से टनकपुर/पीलीभीत जाने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों के लिए चकरपुर बाईपास का प्रयोग किया जाएगा। पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन भूड़ चौराहा, नौगवाठग्गू एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे। वहीं मेलाघाट से रुद्रपुर/टनकपुर जाने वाले छोटे वाहन राजीव नगर चौराहा, कपूर चौराहा, लोहिया हेड चौराहा एवं चकरपुर बाईपास से जाएंगे। पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन राजीव चौक, सीएसडी कैंटीन रोड, साईं तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था के तहत वर्कशॉप पार्किंग में VVIP वाहनों, होलीडे होम पार्किंग में VIP वाहनों तथा मण्डी पार्किंग में आमजन और रैली में आने वाले वाहनों को पार्क कराया जाएगा। अचानक आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। पीलीभीत मार्ग पर बड़े वाहनों को मुंडेली चौराहे से करीब 200 मीटर पहले रोका जाएगा। रुद्रपुर से आने वाले बड़े वाहनों को कोर्ट परिसर खटीमा के बाहर उपलब्ध चौड़ी जगह पर पार्क कराया जाएगा। टनकपुर से आने वाले भारी वाहनों के लिए नायरा पेट्रोल पंप, अमाऊ के पास तथा मेलाघाट से आने वाले वाहनों के लिए थाना झनकईया क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम की अवधि में ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक, ऑटो एवं टेम्पो के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि 04 अक्टूबर को खटीमा क्षेत्र में यात्रा करने से पहले निर्धारित डायवर्जन एवं रूट प्लान का ध्यान रखें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।
