- 27 सितंबर को मारपीट में घायल रोहित की उपचार के दौरान हुई थी मौत, पुराने रेलवे फाटक के पास से दोनों आरोपियों को दबोचा
खटीमा। खेतलसंडा खाम क्षेत्र में मारपीट के बाद हुई युवक की मौत के मामले में कोतवाली खटीमा पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 29 सितंबर को पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास पानी लेने गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप है। युवती के पिता रोहित द्वारा इसका विरोध करने पर संजय और सुभाष पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप है। तहरीर के मुताबिक, संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोहित को उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सालयों में ले जाया गया, लेकिन 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली खटीमा में मु0अ0सं0 297/2026, धारा 103(1), 117(2), 3(5), 74 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर दबिश और सुरागरसी-पतारसी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष (33 वर्ष) और संजय (35 वर्ष), निवासी खेतलसंडा खाम, थाना खटीमा के रूप में हुई है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
