- निर्वाचन आयोग पर पक्षपात का आरोप, सिटी क्लब से डीडी चौक तक निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा; कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रुद्रपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने निर्वाचन आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और डीडी चौक पर पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सिटी क्लब में एकत्र हुए। यहां बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पुतला लेकर सिटी क्लब से डीडी चौक तक विरोध जुलूस निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।
डीडी चौक पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले में आग लगा दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी से भटक रहा है और कांग्रेस संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी मनोज यादव ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर विपक्षी दलों की शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन जनता की आवाज बनकर सामने आया है।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक गोपाल सिंह राणा, भुवन कापड़ी, आदेश चौहान, पूर्व विधायक नारायण पाल, रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष ममता रानी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
