- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, पूछताछ में मोबाइल चोरी की बात कबूली
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को राजा कॉलोनी निवासी महेंद्र पाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर को उनके कमरे से Vivo T2x मोबाइल फोन चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध युवक सिडकुल जाने वाले रोड पर पेट्रोल पंप के आगे खोखे के पास खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज (19) पुत्र ननकी, निवासी ग्राम मुबारकपुर, थाना केमरी, जिला रामपुर बताया। तलाशी में उसके पास से चोरी का Vivo T2x मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा उसके हाथ में मौजूद सफेद थैले की तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों के 9 अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक धर्मवारी सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
