- ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की बड़ी समस्या का निकला हल
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिखाई कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी
- महापौर विकास शर्मा के प्रयास से ग्राम पंचायतों के साथ हुआ एमओयू
रूद्रपुर/खटीमा। नगर निगम रूद्रपुर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा के नगला तराई स्थित मुख्यमंत्री आवास से जनपद के सात विकास खण्डों के लिए कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें रूद्रपुर विकास खण्ड के अंतर्गत आने वाले कई वाहनों का भी फ्लैग आफ किया गया। इसके साथ ही रूद्रपुर नगर निगम से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थित तरीके से कूड़ा संग्रहण और निस्तारण का रास्ता साफ हो गया है।
इस नई व्यवस्था के तहत नगर निगम रूद्रपुर द्वारा स्थानीय ग्राम पंचायतों के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 13 ग्राम पंचायतों के साथ एमओयू किया गया है। योजना के अंतर्गत गांवों से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र कर उसे नगर निगम क्षेत्र के फाजलपुर महरौला स्थित फ्रेश वेस्ट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कुल 12 पार्टिशनयुक्त कूड़ा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था की गई है। इनमें तीन वाहन नगर निगम रूद्रपुर की ओर से जबकि 6 वाहन सीएसआर के अंतर्गत नेस्ले कंपनी की ओर से और एक वाहन अशोका लेलेंड की ओर से तथा दो वाहन रीप परियोजना के द्वारा द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत उपलब्ध 25 ई रिक्शा और 7 ट्रैक्टर ट्रालियों का भी फ्लैग ऑफ किया गया।
बता दें नगर निगम से लगे ग्रामीण इलाकों में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने की समस्या लंबे समय से उठती रही है। ग्राम प्रधान भी विभिन्न स्तरों पर इस मुद्दे को उठा चुके थे। बीते दिनों महापौर विकास शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधानों की मुख्य विकास अधिकारी से वार्ता कराई थी। इस दौरान कूड़ा निस्तारण सहित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा हुई और उनके समाधान की दिशा में रास्ता निकला था।
महापौर विकास शर्मा ने इसके बाद नगर निगम स्तर से आसपास की ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में नगर निगम ने ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की और अब कूड़ा संग्रहण वाहनों के संचालन के साथ यह व्यवस्था धरातल पर उतरने जा रही है।
नगर निगम की योजना के अंतर्गत मटकोटा, धरमपुर, छतरपुर, किरतपुर, दानपुर, बागवाला, बिंदुखेड़ा और भगवानपुर कोलड़िया सहित 13 ग्राम पंचायतों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। इन क्षेत्रों से एकत्र होने वाले कूड़े को खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के तहत नगर निगम के फ्रेश वेस्ट प्लांट पहुंचाकर उसका निस्तारण किया जाएगा।
आज खटीमा में कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झण्डी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल शहरों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावी कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था आवश्यक है। ग्राम पंचायतों में शुरू की जा रही यह व्यवस्था स्वच्छ और सुंदर क्षेत्र की परिकल्पना को साकार करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम की सीमा से लगे गांवों में कूड़ा निस्तारण एक बड़ी समस्या थी। ग्राम प्रधानों ने कई बार उनके सामने इस समस्या को रखा था। प्रधानों के साथ बैठक और सीडीओ स्तर पर वार्ता के बाद नगर निगम ने इसका स्थायी समाधान निकालने की दिशा में काम शुरू किया। उन्होंने कहा हमने ग्राम प्रधानों को भरोसा दिलाया था कि नगर निगम आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान में सहयोग करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में अब यह व्यवस्था धरातल पर उतर रही है। कूड़ा संग्रहण वाहन गांवों तक पहुंचेंगे और एकत्र कूड़े को व्यवस्थित तरीके से वेस्ट प्लांट पहुंचाया जाएगा। इससे गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और जगह-जगह कूड़ा जमा होने की समस्या से भी राहत मिलेगी।
महापौर ने नेस्ले कंपनी और अशोका लेलेंड द्वारा सीएसआर के माध्यम से वाहन उपलब्ध कराने पर कंपनी का आभार जताते हुए कहा कि नगर निगम, ग्राम पंचायतों और सामाजिक सहभागिता से स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान कीरतपुर आशीष यादव , ग्राम प्रधान बागवाला विनीत सोलंकी ,
ग्राम प्रधान बिंदु खेड़ा केवल सिंह,
ग्राम प्रधान छतरपुर श्री हरीश भट्ट , ग्राम प्रधान धरमपुर दीपक गोस्वामी , पूजा कुमारी ग्राम प्रधान बागवाला, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अमनदीप सिंह विर्क, नगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी, SNA रणदीप सिंह, सफाई निरीक्षक कुलदीप सिंह, राजू नबियाल जी, डोर टू डोर मैनेजर रईस अहमद आदि उपस्थित रहे ।।
