IMG-20260920-WA0104
  • महापौर ने किया छात्र संघ अध्यक्ष प्रत्याशी अभिषेक सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
  • बोले—छात्र हितों की मजबूत आवाज बनेगी एबीवीपी की टीम

रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच महापौर विकास शर्मा ने सिविल लाइंस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक सिंह के चुनाव कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए महापौर ने उनमें जोश भरा और अभिषेक सिंह को विजयी बनाने का आह्वान किया।

चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने का मंच भी हैं। विद्यार्थी परिषद ने छात्र राजनीति के माध्यम से अनेक ऐसे कार्यकर्ता तैयार किए हैं, जिन्होंने आगे चलकर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी छात्र राजनीति से आगे बढ़ते हुए आज शहर के महापौर के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी परिषद को मिल रहा समर्थन युवाओं के बीच राष्ट्रवाद की विचारधारा की स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का युवा राष्ट्रहित और सकारात्मक बदलाव के साथ खड़ा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को बांटने वाली राजनीति के बजाय युवाओं को शिक्षा, रोजगार, राष्ट्र निर्माण और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए विकास शर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुए हैं। अब छात्र परंपरागत विषयों की सीमाओं से बाहर निकलकर अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार विषयों का चयन कर सकते हैं। शिक्षा के साथ व्यावसायिक और कौशल आधारित प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद केवल रोजगार मांगने वाले न बनें, बल्कि स्वरोजगार और स्टार्टअप के माध्यम से दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हों। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

महापौर ने कहा कि यदि रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में एबीवीपी के प्रत्याशियों को जिम्मेदारी मिलती है तो छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को नगर से लेकर प्रदेश और केंद्र स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर छात्र प्रतिनिधि महापौर, विधायक और सांसद से लेकर शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय स्तर तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं। छात्रसंघ का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी सेतु बनना होना चाहिए।

विकास शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने हमेशा शिक्षा में सुधार, छात्र हित और राष्ट्रहित की बात की है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अध्यक्ष प्रत्याशी अभिषेक सिंह और एबीवीपी की टीम को समर्थन देने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

महापौर ने विद्यार्थी परिषद को मजबूत बनाने में वर्षों से योगदान देने वाले पूर्व छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से निकले अनेक कार्यकर्ता आज अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभा रहे हैं और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक की भूमिका में हैं। उन्होंने सभी पुराने और वर्तमान कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभिषेक सिंह के समर्थन में जुटने का आह्वान किया।

इस दौरान गुरकीरत औलख, धीरेंद्र मिश्रा, विजय बहादुर, अशोक सिंह, नवीन पांडे, प्रमोद शर्मा, जगदीप भाटिया, पवन राणा, रचित सिंह, मुकेश पाल, जितेंद्र संधू, मोर सिंह, रुद्रांश शुक्ला, मनोज छाबड़ा, मोहित कक्कड़, नगेन्द्र गंगवार, सचिन वर्मा, कमल जोशी, चंदन भट्ट, रोहित भट्ट, बिछितर सिंह, राहुल तिवारी, प्रीति धीर, हर्षिता जौहरी, मान्या, अंजलि, अंशू, टिंकू मिश्रा, अनुज पाठक, जॉनी भाटिया और पार्षद बीना जैन सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

error: Content is protected !!