- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने विजेता टीम को 10 हजार और उपविजेता को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की
रुद्रपुर। ग्राम सभा खानपुर पूर्व के 25 वर्षों तक लगातार प्रधान रहे सदानंद सिकदार की स्मृति में शिव शक्ति यंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल में काली नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिपलिया की टीम को 3-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
समापन समारोह में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। विजेता काली नगर की टीम को 10 हजार रुपये, जबकि उपविजेता पिपलिया की टीम को 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज सूरज रहे, जबकि फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच फरमान को चुना गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। ठुकराल ने कहा कि वॉलीबॉल गांवों में लंबे समय से लोकप्रिय खेल रहा है और ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है और खिलाड़ियों को जीत से उत्साहित होने के साथ हार से सीख लेकर आगे बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने शिव शक्ति यंग क्लब के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस दौरान संजय ठुकराल, गगन ग्रोवर, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, अंकित बाठला, कुंवर पाल कोली, विजय कदसार, विद्युत सिकदार, केशव मंडल, विकास बंसल, दिनेश पंत, प्रदीप यादव, विजेन्द्र पाल, राम कुमार गुप्ता, देवरत मंडल, जगदीश दास, सुरेश विश्वास, आलोक राय, विकास राय, संजय आईस, हरिदास मंडल, एसपी सरकार, भक्तों दास, रवि गाइन, राज हालदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
