IMG-20260919-WA0074
  • विधायक बोले पूर्व मे भी मुख्यमंत्री धामी की सरकार ने बंगाली समाज के हित में लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय, उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री धामी से करेंगे वार्ता

रुद्रपुर। रुद्रपुर बस स्टैंड के निकट रामलीला मैदान में विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे बंगाली समाज के लोगों के बीच रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा पहुंचे। उन्होंने बंगाली समाज की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान की दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विधायक ने बंगाली समाज की ओर से कल आयोजित होने वाली रैली को भी अपना समर्थन दिया और लिखित समर्थन पत्र सौंपा।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने पूर्व में बंगाली समाज के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज से जुड़े जिन विषयों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल की गई है, उनमें सरकारी प्रमाण पत्रों से “पूर्वी पाकिस्तानी” जैसे आपत्तिजनक शब्दों को हटाने के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि बंगाली समाज की जो मांगें अभी शेष हैं, उन्हें लेकर वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मजबूती के साथ वार्ता करेंगे। राज्य सरकार के स्तर पर जिन मांगों का समाधान संभव है, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

समाज के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज के लोगों को जारी होने वाले सरकारी प्रमाण पत्रों में पूर्व में प्रयुक्त “पूर्वी पाकिस्तानी” जैसे शब्दों को हटाने की दिशा में मुख्यमंत्री धामी सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान और पहचान से जुड़े इस विषय को लेकर उन्होंने भी लगातार प्रयास किए और सरकार ने संवेदनशीलता के साथ इस पर निर्णय लिया।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उठाए गए कदम

विधायक ने कहा कि उनके प्रयासों से बंगाली समाज के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा से जुड़ी हरिचांद-गुरुचांद स्मृति छात्रवृत्ति कोष को बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। इसका उद्देश्य समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि बंगाली समाज की ओर से पूर्व में मिलने वाली छात्रवृत्ति को दोबारा शुरू करने की मांग भी रखी गई है। इस विषय को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा।

रुद्रपुर में प्रस्तावित बंग भवन का निर्माण जल्द आगे बढ़ाने का प्रयास

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रुद्रपुर में बंगाली समाज के लिए बंग भवन बनाए जाने की घोषणा की गई है। इसके लिए पुरानी ट्रेजरी भवन की भूमि प्रस्तावित है और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही बंग भवन के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। बंग भवन को बंगाली समाज की सांस्कृतिक, सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

स्कूलों में बंगाली भाषा पढ़ाने की मांग पर भी करेंगे प्रयास

बंगाली समाज की प्रमुख मांगों में बंगाली भाषा को विद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल कर बच्चों को पढ़ाया जाना भी शामिल है। विधायक ने कहा कि इस विषय पर भी मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर, सितारगंज और गदरपुर विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों में बंगाली भाषा के शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की मांग को संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि बंगाली समाज के बच्चों को अपनी मातृभाषा पढ़ने का अवसर मिल सके।

अनुसूचित जाति का दर्जा देने की मांग का मुद्दा भी उठाएंगे

धरने के दौरान बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिए जाने की मांग भी उठाई गई। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह विषय केंद्र सरकार से जुड़ा हुआ है और इसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने भरोसा दिया कि राज्य सरकार के स्तर से जो भी प्रयास संभव होंगे, उनके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मजबूती के साथ वार्ता करेंगे।

विस्थापित परिवारों के मालिकाना हक का मामला भी उठेगा

बंगाली समाज की ओर से शक्तिफार्म और रुद्रपुर क्षेत्र में विस्थापन के दौरान पट्टों पर बसाए गए परिवारों को उनकी भूमि का मालिकाना हक दिए जाने की मांग भी विधायक के समक्ष रखी गई।

इस पर विधायक ने कहा कि मामले में तकनीकी और कानूनी पहलुओं का परीक्षण आवश्यक है। इसके बाद जो उचित रास्ता सामने आएगा, उसे लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता कर समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

हर मांग को अधिकार क्षेत्र के अनुसार आगे बढ़ाने का भरोसा

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज की सभी मांगों को गंभीरता से लिया गया है। कुछ विषय राज्य सरकार के स्तर से जुड़े हैं, जबकि कुछ मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हो सकती हैं। ऐसे में प्रत्येक मांग को उसके अधिकार क्षेत्र और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बंगाली समाज की कल होने वाली रैली को उन्होंने अपना समर्थन दिया है। समाज की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने के प्रयास में वह उनके साथ हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समाज की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखते हुए समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, शंकर चक्रवर्ती, जगदीश विश्वास, मानवेन्द्र राय, संजय आइस, अर्जुन विश्वास, सुरेश विश्वास, पंकज सरदार सहित बड़ी संख्या में बंगाली समाज के लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!