- पुलिस लाइन समेत फायर स्टेशन, शाखाओं और थानों में हुआ भगवान विश्वकर्मा का पूजन; शस्त्रों, औजारों, वायरलेस सेट व सरकारी वाहनों की आरती उतारी
रुद्रपुर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन रुद्रपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान दैनिक पुलिसिंग में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक तकनीकी उपकरणों, शस्त्रों, वायरलेस सेटों और सरकारी वाहनों की आरती उतारकर उनके निर्विघ्न संचालन एवं जनसेवा में सफलता की कामना की गई।

इसी क्रम में फायर स्टेशन सहित जनपद ऊधम सिंह नगर की विभिन्न पुलिस शाखाओं तथा समस्त थाना-कोतवाली परिसरों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। इस दौरान शस्त्रों, औजारों और मशीनों का विधिवत पूजन किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल, श्रम और कर्म के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा जयंती हमें हुनर, मेहनत और रचनात्मकता का सम्मान करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि कारीगर और शिल्पकार अपनी मेहनत एवं समर्पण से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर एसएसपी ने समस्त पुलिस बल को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और कौशल के साथ समाज की सेवा एवं विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
