- रुद्रपुर के विभिन्न गणेश महोत्सव कार्यक्रमों में ठुकराल का हुआ स्वागत, बोले—गणेश महोत्सव समाज में एकजुटता और भाईचारे का देता है संदेश
रुद्रपुर। शहर में आयोजित विभिन्न गणेश महोत्सव कार्यक्रमों में पूर्व विधायक एवं समाजसेवी राजकुमार ठुकराल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजकों और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान ठुकराल ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गांधी कॉलोनी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव की भजन संध्या में राजकुमार ठुकराल और समाजसेवी संजय ठुकराल शामिल हुए। हल्द्वानी से पहुंचे भजन सम्राट विवेक शर्मा ने भगवान गणेश के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल में बांधे रखा।
इस अवसर पर ठुकराल ने कहा कि गणेश महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकजुटता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से भगवान गणेश के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और जरूरतमंदों की सेवा करने का आह्वान किया।
वहीं, सुभाष चंद्र बोस युवा कमेटी एवं आदर्श इंदिरा बंगाली कॉलोनी की ओर से वार्ड नंबर 35 स्थित दुर्गा मंदिर में आयोजित श्री बाल गणेश महोत्सव का शुभारंभ भी राजकुमार ठुकराल ने किया। इस दौरान उनके अनुज संजय ठुकराल भी मौजूद रहे। कमेटी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
इसके अलावा गंगापुर रोड स्थित स्वर्णिम हिल व्यू कॉलोनी, वार्ड नंबर 1 में भी गणेश पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कॉलोनीवासियों ने राजकुमार ठुकराल और संजय ठुकराल का स्वागत किया। ठुकराल ने गणपति की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रमों में आयोजन समितियों के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
