- बहेड़ी से हल्द्वानी सप्लाई के लिए ले जा रहे थे स्मैक, पूछताछ में अन्य तस्करों के संबंध में मिली अहम जानकारी
रुद्रपुर/किच्छा। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना पुलभट्टा पुलिस ने ऊधमसिंहनगर-बरेली बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 20.10 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बहेड़ी क्षेत्र से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हल्द्वानी क्षेत्र में स्मैक बिक्री करने वाले कुछ व्यक्तियों और बहेड़ी के एक स्मैक तस्कर के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
शनिवार 13 सितंबर 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस की टीम गोला नदी पुल के उत्तरी छोर के पास ऊधमसिंहनगर-बरेली बॉर्डर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहेड़ी की ओर से किच्छा की तरफ आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान फैजल अहमद निवासी काठगोदाम के कब्जे से 10.01 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जबकि आदित्य सिंह बिष्ट निवासी काठगोदाम के कब्जे से 10.09 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश नेगी, अपर उपनिरीक्षक प्रताप सुयाल, कांस्टेबल चारु पंत और कांस्टेबल शुभम सैनी शामिल रहे।
