IMG-20260913-WA0031
  • झनकईया और दिनेशपुर में ई-मोबाइल वैन के जरिए लोगों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना झनकईया एवं थाना दिनेशपुर क्षेत्र में ई-मोबाइल वैन के माध्यम से विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दुकानदारों, यात्रियों एवं श्रमिकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, OTP और पासवर्ड की सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने लोगों को ऑनलाइन निवेश और घर बैठे नौकरी दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की। साथ ही साइबर बुलिंग और साइबर स्टॉकिंग से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।

थाना दिनेशपुर क्षेत्र में चक्की मोड़, सुभाष चौक, कालीनगर, मोतीपुर और जाफरपुर रोड सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर करीब 300 लोगों को जागरूक किया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

ऊधमसिंहनगर पुलिस का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम करना और लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना है। नागरिकों से ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और अपनी निजी व बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई।

error: Content is protected !!