- आईटीआई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना के बाद खून के धब्बे मिटाने और शव को दूसरी जगह ले जाकर घटनास्थल बदलने का आरोप
काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हुई थी। मामले में 11 सितंबर को तहरीर के आधार पर कोतवाली आईटीआई में FIR संख्या 286/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम लगातार नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई थी। इसी दौरान गोली चलने से मेहविश की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया और शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपियों में साजिद पुत्र जुम्मा (50 वर्ष), सबीना पुत्री साजिद (18 वर्ष) और फिजा पुत्री साजिद (20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने साजिद के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
