- लाखों के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, बेचने की फिराक में थे आरोपी; ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस की कार्रवाई
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बंद घर में हुई चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कृष्णा कॉलोनी निवासी विजय कुमार प्रसाद 28 अगस्त 2026 को अपने परिवार के साथ अयोध्या गए थे। वापस लौटने पर उन्हें मकान का ताला टूटा मिला। कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले में 3 सितंबर को कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
चोरी के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी करने वाले दो व्यक्ति पंचवटी स्टेट के पास चोरी किए गए आभूषण बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने रक्षाबंधन के दूसरे दिन कृष्णा कॉलोनी की खजूर वाली गली में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, मांगटीका, मंगलसूत्र, सोने की चेन मय लॉकेट, सोने के झुमके, चार सोने की अंगूठियां, सोने की नथ/नोज रिंग, चांदी का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चांदी की पायल, बिछिया, चांदी की चेन, कमरबंद और पायजन समेत चोरी का सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील राजपूत (19) निवासी कृष्णा कॉलोनी और विश्वजीत मंडल (23) निवासी सौरभ नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी समेत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस टीम शामिल रही।
