- यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन, तैयारियों को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ के आवास पर हुई बैठक
रुद्रपुर। देश और प्रदेश में बढ़ती सांप्रदायिकता, जातिगत भेदभाव और नफरत की राजनीति के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को रुद्रपुर में जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु के नेतृत्व में प्रस्तावित इस आंदोलन को लेकर गुरुवार को किच्छा विधायक एवं पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आंदोलन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की कथित भेदभावपूर्ण नीतियों और लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन के खिलाफ पार्टी जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव तथा नफरत की राजनीति को बढ़ावा देती हैं।
बेहड़ ने कहा कि इस मामले को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराना लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना अपराध नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति का पुरजोर विरोध करती है। लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक भाईचारे की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
बैठक में यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुमितर भुल्लर, मोहनखेड़ा, संजय जुनेजा, सर्वेश कुमार सिंह, परिमल राय, इंद्रजीत सिंह, सौरभ शर्मा, रामकिशन सैनी, संजय गुप्ता, अशोक राय, अखिलेश सिंह, नवीन खेतवाल, सोनू चौहान, गुल मोहम्मद, बाबू खान, जनार्दन सिंह, मोनिका ढाली, प्रवेश कुरैशी, जोगिंदर यादव, राकेश अधिकारी, जमील अहमद, विजय गुप्ता, विक्की वर्क, मनवीर सिंह, सेवाराम, श्यामल मंडल, उमर अली, नासिर अली, दिलशाद अहमद, पिंटू राय, जितेश शर्मा, रणजीत राणा, निशांत शाही, फैजल अंसारी, रविंद्र गुप्ता, आरिफ गाजी, हरजीत सिंह, तरुण नेगी, राजू कोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
