IMG-20260829-WA0040
  • पूर्व विधायक ने शिव अरोरा और राजेश शुक्ला पर लगाए अभद्र भाषा व धमकी देने के आरोप, मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सिडकुल चौकी में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने को लेकर क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच कर आरोपितों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

ज्ञापन में ठुकराल ने बताया कि 24 अगस्त को जिला कलेक्ट्रेट में निर्वाचन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूची को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। वह भी अपना पक्ष रखने के लिए कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे थे।

ठुकराल का आरोप है कि बैठक शुरू होते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज करते हुए अपमानित किया। इसी दौरान किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पर भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और विपक्षी दल के लोगों द्वारा आपत्तिकर्ताओं के घर जाकर धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दोनों नेताओं ने सत्ता के प्रभाव में उच्च अधिकारियों के सामने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

पूर्व विधायक ने कहा कि इस घटनाक्रम के बाद उन्हें भविष्य में जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे वह असंतुष्ट हैं। उन्होंने आपराधिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

error: Content is protected !!