- बंद फैक्ट्री में चोरी की योजना बना रहे 4 आरोपी दबोचे, 2 चाकू और 2 आलानकब बरामद; चोरी की भैंस छोटा हाथी वाहन में ले जा रहे 3 आरोपी भी गिरफ्तार
सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली सितारगंज पुलिस ने चोरी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर केआरई इंजीनियरिंग कंपनी सिडकुल के पास खंडहर में बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी की योजना बना रहे चार आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो धारदार रामपुरी चाकू, दो आलानकब, टॉर्च और चाबी का गुच्छा समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बंद फैक्ट्री में चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की।
इस मामले में कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 425/2026, धारा 313 बीएनएस और 25(1-ख) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, दूसरे मामले में 28 अगस्त 2026 को चौमेला निवासी जलीस अहमद ने अपनी भैंस चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। तलाश के दौरान नकुलिया-सितारगंज रोड पर शुक्ला फार्म के पास कुछ लोगों ने एक भैंस को छोटा हाथी वाहन संख्या UK04CB-0504 में लादकर ले जाते हुए देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने भैंस चोरी कर उसे बेचने और रकम आपस में बांटने की योजना का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति दानिश कुरैशी द्वारा भैंस चोरी के लिए लालच देने और मोटरसाइकिल से मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने इस मामले में चोरी की भैंस और घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 305(a)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उप निरीक्षक जगदीश चन्द्र तिवारी, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
