- निशानदेही पर आम की बगिया की झाड़ियों से बरामद हुईं 7 अन्य बाइकें, कई वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर पहचान छिपाने का किया गया था प्रयास
खटीमा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ संरक्षण में लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को चौकी झनकट की पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ संरक्षण में लिया गया। जांच में यह मोटरसाइकिल खटीमा कोतवाली के मुकदमा अपराध संख्या 224/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी का वाहन पाई गई।
पूछताछ में दोनों बालकों ने पूर्व में चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों को ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उनकी निशानदेही पर सात अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में कई की नंबर प्लेट हटाकर या तोड़कर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। वाहनों के स्वामियों और अन्य थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों का अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से संबंध होने की भी जांच की जा रही है।
बरामद वाहनों में हीरो स्पेण्डर प्लस, टीवीएस स्टार सिटी और एक Kawasaki K-TEC मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक के.सी. आर्या, उपनिरीक्षक अशोक काण्डपाल, उपनिरीक्षक/विवेचक भुवन चन्द्र गहतौड़ी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
