IMG-20260808-WA0041
  • जिला अस्पताल में बर्निंग यूनिट के लिए करेंगे प्रयास

रुद्रपुर। वार्ड संख्या एक, शिमला बहादुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में गृहस्वामी नितेश ममगई, उनकी बेटी और बेटा शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही महापौर विकास शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने पीएमएस डॉ. शर्मा और उपचार कर रहे डॉ. पांडे से वार्ता कर पीड़ितों को त्वरित व बेहतर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। चूंकि जिला अस्पताल में फिलहाल बर्निंग यूनिट नहीं है, इसलिए चिकित्सकों द्वारा घायलों को बेहतर और विशेषज्ञ इलाज के लिए राममूर्ति अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। महापौर ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बनी हुई है।

अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में बर्निंग यूनिट और विशेषज्ञ डॉक्टरों का न होना एक गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी किसी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल स्थानीय स्तर पर ही इलाज मिल सके, इसके लिए वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर जिला अस्पताल में अत्याधुनिक बर्निंग यूनिट की स्थापना और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग करेंगे।

महापौर ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल बेहद सावधानी और सतर्कता से करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।

error: Content is protected !!