- 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ₹5 हजार की चोरी के संदेह में आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपने दोस्त की हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान अनिल कुमार (23 वर्ष) निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था। बाद में उसके अन्य साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी मित्र सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला किया तथा अंत में रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चुरा लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल से जुटाए गए रक्तरंजित नमूनों सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले की विवेचना जारी है।
