- उत्तराखंड और सीबीएसई बोर्ड के टॉपर्स हुए सम्मानित
रुद्रपुर। रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच की ओर से मंगलवार को होटल सोनिया के सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया, जबकि विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिया शर्मा ने की। बाल संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में अपने अपने विद्यालयों में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करने वाले 93 मेधावी छात्र छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र छात्राएं ही प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से प्राप्त होती है। यदि इन मूल्यों को जीवनभर साथ रखा जाए तो व्यक्ति हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम है। रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात पर निर्भर करती है कि वह अपनी प्रतिभाओं को कितना सम्मान और अवसर देता है। मंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों से कहा कि उनकी उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब जीवन की वास्तविक यात्रा शुरू हुई है, इसलिए सफलता के साथ विनम्रता, संस्कार और जिम्मेदारी को भी साथ लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा से उत्तराखंड एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे माता पिता के त्याग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए उनका सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि विधायक शिव अरोरा ने कहा कि किसी भी प्रदेश का भविष्य उसके मेधावी विद्यार्थियों के हाथों में होता है। रुद्रपुर के छात्र लगातार शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर शहर और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए छात्र छात्राएं आने वाले समय में चिकित्सक, अभियंता, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी और उद्यमी बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धि का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करते हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह परंपरा निरंतर जारी रहनी चाहिए।
कार्यक्रम में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच के संयोजक केवल कृष्ण बतरा ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मंच पिछले कई वर्षों से शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सरोकार और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का संचालन मंच के महामंत्री मोहित बत्रा ने किया।
समारोह में संयोजक केवल कृष्ण बत्रा, संरक्षक सुधांशु गाबा, मोहित राय, मनोज खेड़ा, विकास बत्रा, राजेश सलूजा, सुभाष अरोड़ा, अध्यक्ष अमित बांगा, महामंत्री मोहित बतरा, कोषाध्यक्ष रितेश मनोचा, उपाध्यक्ष राजेश कामरा, पवन गावा, सचिव सिद्धार्थ सरदाना, मंत्री सुमित बंगा, मीडिया प्रभारी जतिन नागपाल, शिवेन सेठी, अंकुश अरोड़ा, अंश कक्कड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
